नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। सुबह- सुबह कई इलाकों में धुंध और जहरीली हवा का असर देखने को मिला। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह 8:01 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 482 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। हवा की खराब स्थिति के कारण लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के सात निगरानी केंद्रों पर AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें पंजाबी बाग सबसे प्रदूषित रहा।
– पंजाबी बाग – 446
– नरेला – 434
– रोहिणी – 431
– आर.के. पुरम – 416
– बवाना – 412
– नॉर्थ कैंपस – 408
– पटपड़गंज – 405
इसके अलावा ओखला फेज-2 और इंडिया गेट में AQI 399, आई.टी.ओ. में 397, द्वारका सेक्टर-8 में 396, चांदनी चौक में 356 और वसुंधरा एन्क्लेव में 330 दर्ज किया गया। आनंद विहार में यह 293 और लोधी रोड पर 268 रहा।
पराली जलाने में कमी के बावजूद प्रदूषण बरकरार
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। हवा की दिशा और गति के आधार पर प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि इस बार करीब 40 प्रतिशत धान की पराली का इस्तेमाल खेतों से बाहर ही प्रबंधन (एक्स-सीटू मैनेजमेंट) के जरिए किया गया है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में पराली जलाने की घटनाओं में भी कमी आई है। हालांकि, पराली जलाने की घटनाएं कम होने के बावजूद दिल्ली की हवा में सुधार नहीं हुआ है और प्रदूषण गंभीर स्तर पर बना हुआ है।





