नई दिल्ली: पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले बम धमकी मिलने का मामला सामने आया है। शहर के 3 स्कूलों और महापौर सचिवालय को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इन ई-मेल में 15 नवंबर को प्रस्तावित दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाका करने की धमकी दी गई है। ई-मेल पंजाबी भाषा में भेजे गए हैं।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने तीनों स्कूलों में बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की टीम भेजकर जांच कराई। वहीं, महापौर सचिवालय को मिले धमकी भरे ई-मेल की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
क्राइम ब्रांच ने मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के साथ-साथ धमकी की सच्चाई का पता लगाने में जुटी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





