नई दिल्ली: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का दिल्ली में होने वाला लाइव कॉन्सर्ट गानों को लेकर विवादों में घिर गया है। उनके कुछ गानों में शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देने के आरोपों के बाद दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (DCPCR) ने मामले में हस्तक्षेप किया है। आयोग ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को नोटिस भेजकर शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है।
यह विवाद 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले सामने आया है। आयोग ने शिकायत की कॉपी दिल्ली पुलिस को भेजते हुए मामले की जांच और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
चंडीगढ़ के प्रोफेसर ने आयोग से की थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनावर ने 14 अक्टूबर 2026 को दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि दिलजीत दोसांझ के कुछ गानों में शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों का महिमामंडन किया गया है। शिकायतकर्ता ने चिंता जताई कि इस तरह की सामग्री बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और उनके व्यवहार को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने आयोग से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की थी।
कॉन्सर्ट में ऐसे गाने नहीं गाने की मांग
शिकायत में मांग की गई थी कि दिल्ली में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट के दौरान शराब, ड्रग्स और हथियारों से जुड़े विवादित गानों की प्रस्तुति पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा बच्चों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को देखते हुए इस संबंध में जरूरी एडवाइजरी जारी करने का भी आग्रह किया गया था। आयोग ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए इसे दिल्ली पुलिस के पास भेज दिया है। अब पुलिस को मामले में नियमानुसार उचित कार्रवाई करनी है। कॉन्सर्ट से ठीक पहले सामने आए इस विवाद के कारण दिलजीत के गानों और लाइव प्रस्तुति को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।





