हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में करवा चौथ के दिन एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखे हुए थी। शाम को चांद निकलने पर वह परिवार की अन्य महिलाओं के साथ पूजा करने छत पर गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गई। हादसे में उसकी जान चली गई।
घटना हमीरपुर जिले के ललपुरा थाना क्षेत्र के रूरीपारा गांव की है। यहां रहने वाले नीतेश द्विवेदी की पत्नी आरती ने करवा चौथ का व्रत रखा था। शाम को चांद निकलने के बाद वह अपनी सास और देवरानी के साथ छत पर पूजा करने पहुंची। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गई। गिरने से आरती गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद परिवार के लोग तुरंत आरती को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद ललपुरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





