नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा उस समय हुआ, जब राहुल गांधी एक मानहानि मामले की सुनवाई के लिए अदालत जा रहे थे।
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी
इस घटना में राहुल गांधी सुरक्षित हैं, जबकि काफिले में शामिल कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के घायल होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काफिले में आगे चल रहे वाहनों के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, हादसे में घायल हुए लोगों की सही संख्या और उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। दरअसल, राहुल गांधी को वर्ष 2018 में दर्ज मानहानि के एक मामले में सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पेश होना था। यह मामला कर्नाटक में एक चुनावी रैली के दौरान तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। इसी मामले की सुनवाई के लिए राहुल गांधी सुल्तानपुर जा रहे थे, तभी उनके काफिले की गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं।





