CBI का पंजाब में बड़ा एक्शन, चंडीगढ़ से मोहाली और संगरूर तक कई ठिकानों पर छापेमारी

Written by

in

चंडीगढ़: पंजाब में कथित भ्रष्टाचार और सरकारी टेंडरों में अनियमितताओं के मामले में CBI ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। मंगलवार को चंडीगढ़, मोहाली और संगरूर में CBI की अलग-अलग टीमें कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित कोठी नंबर 50 में CBI की टीम की कार्रवाई चल रही है। बताया जा रहा है कि यह वही इलाका है जहां मुख्यमंत्री कैंप ऑफिस से जुड़ी गतिविधियां भी रहती हैं। इसके अलावा मोहाली के फेज-11 में भी CBI की टीम के पहुंचने की सूचना है।

वहीं संगरूर के घराचों में भी CBI की कार्रवाई की खबर सामने आई है। अलग-अलग स्थानों पर एक साथ चल रही इस कार्रवाई को मामले में बड़ी जांच के तौर पर देखा जा रहा है।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद तेज हुई जांच

CBI की यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के हालिया आदेश के बाद सामने आई है। कोर्ट ने मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच CBI को सौंपने और FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे।

मामले में सरकारी टेंडरों और अन्य सरकारी कामकाज में कथित तौर पर अनियमितता तथा दखलअंदाजी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हाईकोर्ट के आदेश के करीब 24 घंटे के भीतर ही CBI की ओर से कार्रवाई शुरू किए जाने की बात सामने आ रही है।

ED के निर्देश के बाद CBI की एंट्री

इस मामले में पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से भी पंजाब के DGP को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई थी। अब CBI के सीधे जांच में उतरने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

फिलहाल CBI की टीमें चंडीगढ़, मोहाली और संगरूर समेत कई स्थानों पर जांच कर रही हैं। छापेमारी के दौरान किन दस्तावेजों या अन्य रिकॉर्ड को कब्जे में लिया गया है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

CBI की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और मामले में आगे किन लोगों पर कार्रवाई की जाती है।

नोट: CBI की कार्रवाई और बरामदगी से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *