नई दिल्ली: दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार को एक स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां गार्ड रूम के पीछे 12वीं कक्षा की करीब 18 वर्षीय छात्रा जली हुई हालत में मिली। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। छात्रा के पास से तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को स्कूल में आग लगने की सूचना मिलने के बाद कृष्णा नगर थाने की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान स्कूल के गार्ड रूम के पीछे छात्रा जली हुई हालत में मिली। शुरुआती जांच में घटनास्थल और छात्रा के स्कूल बैग से कुछ चीजें बरामद की गईं।
स्कूल बैग से पेट्रोल की बोतल और सुसाइड नोट मिलने की जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छात्रा अपने साथ स्कूल में पेट्रोल से भरी एक बोतल लेकर आई थी। उसके पास से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि, सुसाइड नोट में क्या लिखा है और घटना के पीछे क्या कारण हो सकते हैं, इस बारे में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
क्राइम टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्राइम टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए, ताकि घटना से जुड़े हालात का पता लगाया जा सके। मौके पर दमकल विभाग की टीम भी मौजूद रही। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। छात्रा के साथ यह घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह थी, इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच और पूछताछ जारी है।





