मुंबई: मुंबई में बम धमाकों की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को भेजे गए एक ईमेल में उनके कार्यालय, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। सूचना मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
मेयर कार्यालय की हुई तलाशी
अधिकारियों के मुताबिक, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय में स्थित मेयर के कार्यालय की तलाशी ली गई। हालांकि, वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल डिप्टी मेयर संजय घाड़ी को भी भेजा गया है। ईमेल में 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की धमकी भी दी गई है।
अमिताभ बच्चन के घर को निशाना बनाने की धमकी
ईमेल में जुहू स्थित अमिताभ बच्चन के घर ‘जलसा’ का भी जिक्र किया गया है। इसमें 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच घर को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा, ईमेल में खालिस्तान का उल्लेख करते हुए दावा किया गया है कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स क्षेत्र में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान हमला किया जाएगा।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, ईमेल की जांच शुरू
धमकी के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की सत्यता जांचने में जुटी हैं। अधिकारी इसके स्रोत का पता लगाने और भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर मेयर कार्यालय, महालक्ष्मी रेसकोर्स, प्रमुख शिक्षण संस्थानों और ईमेल में बताए गए अन्य स्थानों पर सुरक्षा व निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल, धमकी की पुष्टि और इसके पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए जांच जारी है।





