बॉलीवुड डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान के कोटा में पुलिस ने तीन मुख्य संदिग्धों को पकड़ लिया है। इनमें हरियाणा का रेहान उर्फ सुक्का, बिहार का ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। कोटा पुलिस के अनुसार, तीनों को जल्द ही मुंबई पुलिस के हवाले किया जाएगा।
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने सोमवार को बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि फायरिंग के तीनों मुख्य संदिग्ध ट्रेन से कोटा पहुंचने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम को तुरंत सक्रिय किया गया। टीम ने करीब 15 मिनट के भीतर कार्रवाई करते हुए ट्रेन की तलाशी ली और तीनों को पकड़ लिया।
नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी
एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि तीनों संदिग्ध दिल्ली पहुंचकर वहां से नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उन्हें कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे से हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में अनिल पंडित का नाम भी सामने आया है। बताया गया है कि वह रेहान के संपर्क में था और उसके संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस को फिलहाल आरोपियों के पास से हथियार बरामद नहीं हुए हैं। उनसे पूछताछ कर हथियारों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ जुहू स्थित एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। इस घटना में अभिनेता सीधे गोली लगने से बच गए, जबकि उनका ड्राइवर घायल हो गया। घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार रात टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभिनेता के बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों के कारण चोटें आई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि टाइगर और उनकी मां आयशा श्रॉफ इस घटना से काफी सदमे में हैं। शिंदे ने परिवार को राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और मशहूर हस्तियों को धमकी देने की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





