नई दिल्ली: भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल हरियाणा के हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने उसे गिरफ्तार किया है। हिमांशु भाऊ दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हत्या, हत्या के प्रयास और फिरौती जैसे कई गंभीर मामलों में वांछित है। दिल्ली पुलिस, हरियाणा पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं।
दिल्ली-NCR से पंजाब तक फैला नेटवर्क
हिमांशु भाऊ का असली नाम हिमांशु रितोलिया है। वह हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव का रहने वाला है। साल 2002 में जन्मा हिमांशु कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में आ गया था। बताया जाता है कि साल 2020 में वह बाल सुधार गृह से फरार हो गया था। इसके बाद विदेश में रहते हुए उसने दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में अपना आपराधिक नेटवर्क मजबूत कर लिया। हिमांशु भाऊ और उसके गैंग के सदस्यों पर दिल्ली और हरियाणा में कई बड़ी आपराधिक वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। दिल्ली के बर्गर किंग आउटलेट में हुई हत्या और मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग की घटना में भी उसके गैंग का नाम सामने आया था। इसके अलावा, कारोबारियों से फिरौती मांगने के भी कई आरोप हैं।
इंटरपोल ने जारी किया था रेड नोटिस
हिमांशु भाऊ के संबंध नीरज बवाना गैंग से बताए जाते हैं। वहीं, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के नेटवर्क के साथ उसकी गैंगवार की दुश्मनी होने की बात भी सामने आती रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हिमांशु भाऊ के खिलाफ हरियाणा और दिल्ली में हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती, धमकी और जालसाजी समेत 18 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। भारतीय जांच एजेंसियों के अनुरोध पर अगस्त 2023 में इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। अमेरिका में गिरफ्तारी की खबर के बाद अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी में जुट सकती हैं। हालांकि, उसे भारत प्रत्यर्पित करने की प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पुष्टि जरूरी होगी।





