जालंधर: जालंधर में एक होटल के कमरे से महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला थाना नंबर-7 के अंतर्गत आने वाले पेट्रोल पंप के पास स्थित ओवल हट होटल का है। मृतका की पहचान जम्मू निवासी शहनाज के रूप में हुई है। वह करीब 25 दिन पहले ही नौकरी के सिलसिले में यहां आई थी। बताया जा रहा है कि शहनाज का शव उसके होटल के कमरे में मिला। होटल स्टाफ ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
होटल स्टाफ से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इसके तहत होटल के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि महिला की मौत से पहले की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। मृतका के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





