जालंधर: पंजाब के जालंधर में रामामंडी इलाके में हिंसक हमले का मामला सामने आया है। यहां काजी मंडी इलाके के पार्षद पति हरपाल मिंटू पर कुछ युवकों ने कथित तौर पर चाकुओं से कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें खून से लथपथ हालत में सड़क से उठाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
विवाद के बाद चाकुओं से किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, AAP नेता हरपाल मिंटू का कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवकों ने कथित तौर पर उन पर चाकुओं से कई वार कर दिए। हमले के बाद मिंटू सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल हरपाल मिंटू को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ-साथ इसमें शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
फिलहाल, विवाद किस बात को लेकर हुआ था और हमले में कितने युवक शामिल थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





