जयपुर: राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दरदेवा गांव के पास एक कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, कार में कुल 7 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चालक समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। मृतकों में 5 लोग तारानगर क्षेत्र के सोमसीसर गांव के एक ही परिवार के थे। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार से लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायल बच्ची का इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
हादसे पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। राज्यपाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने घायल बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।





