नेशनल डेस्क: पंजाबी गायक दलेर मेहंदी उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले के दौरान चर्चा में आ गए। दरअसल, उनकी परफॉर्मेंस के दौरान वह कथित तौर पर नशे की हालत में नजर आए। इस पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्हें टोकते हुए कहा, “आप ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं, तो फिर गाएंगे कैसे?” घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नवरात्रि के धार्मिक आयोजन में परफॉर्मेंस पर जताई आपत्ति
जानकारी के मुताबिक, कुंजापुरी मेले में रात के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी बीच उत्तराखंड के वन मंत्री और नरेंद्र नगर के विधायक सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनकी परफॉर्मेंस पर आपत्ति जताई। मंत्री ने कहा कि नवरात्रि का यह आयोजन मां दुर्गा की पूजा से जुड़ा है। ऐसे धार्मिक कार्यक्रम में मर्यादा और पवित्रता का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने गायक को कथित तौर पर नशे की हालत में प्रस्तुति देने पर भी टोका और कार्यक्रम रोकने के लिए कहा।
वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में मामला
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। कुछ लोगों ने धार्मिक आयोजन की गरिमा बनाए रखने के लिए मंत्री के कदम का समर्थन किया है। हालांकि, गायक की स्थिति को लेकर सामने आए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। कुंजापुरी मेला उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। यहां नवरात्रि के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाती हैं।





