अमृतसर: अमृतसर के चौक मेहता कस्बे में सोमवार सुबह एक जिम के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। सुबह करीब 5:15 बजे बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने JD RED GYM को निशाना बनाते हुए तीन गोलियां चलाईं। गोलियां जिम के बाहर लगे शीशे को तोड़ते हुए अंदर काउंटर में जा लगीं। इस दौरान रिसेप्शन पर बैठा व्यक्ति बाल-बाल बच गया।
थाना मेहता पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बाइक पर दो नकाबपोश व्यक्ति जिम के बाहर पहुंचे थे। बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर तीन गोलियां चलाईं और दोनों वहां से फरार हो गए।
मामले की जानकारी देते हुए सब-इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह ने बताया कि जिम मालिक के बयान के अनुसार, घटना से पहले उनसे पैसों की मांग को लेकर फोन कॉल और मैसेज आए थे। इसके बाद फायरिंग की वारदात हुई। पुलिस को घटना की सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले को जल्द सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।





