पंजाब डेस्क : पंजाब में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। रविवार सुबह कई जिलों में आसमान में काले बादल छाने से दिन में ही अंधेरा छा गया, वहीं तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश ने मौसम ठंडा कर दिया।
ताजा जानकारी के अनुसार जिला जालंधर, लुधियाना और फरीदकोट समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम में आए इस बदलाव के बाद अब ठंड की आहट भी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने आज पंजाब के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, राज्य के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही चंडीगढ़ में भी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार, 12 अक्टूबर को भी पंजाब में तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार जताए हैं। लगातार बदल रहे मौसम के चलते आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। बारिश के बाद जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।





