अमृतसर : श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। एयरपोर्ट प्रशासन ने विंटर सीजन को देखते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का नया शेड्यूल जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के तहत अब विभिन्न शहरों और विदेशों के लिए आने-जाने वाली फ्लाइट्स के समय में बदलाव किया गया है। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट का नया समय जरूर जांचने की सलाह दी गई है।

जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट के रनवे पर चल रहा विकास कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद उड़ानों का संचालन पूरी तरह सामान्य कर दिया गया है। पहले रनवे के काम के चलते फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हो रहे थे, लेकिन अब काम पूरा होने के बाद एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही नियमित रूप से शुरू हो गई है। वहीं, विंटर शेड्यूल लागू होने के साथ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। इसका असर अमृतसर से दिल्ली, मुंबई और अन्य घरेलू शहरों के अलावा विदेशों के लिए संचालित होने वाली उड़ानों पर भी पड़ सकता है।

एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे टिकट बुकिंग के दौरान दिए गए पुराने समय पर निर्भर न रहें। यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन या एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट से फ्लाइट का अपडेटेड समय और अन्य जानकारी जरूर प्राप्त करें, ताकि उन्हें एयरपोर्ट पर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। विंटर शेड्यूल लागू होने और रनवे का काम पूरा होने के बाद अब यात्रियों को उड़ानों के सामान्य संचालन का लाभ मिलेगा।





