सीकर: राजस्थान के सीकर में एक मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले युवक को बैंक से ऐसा मैसेज मिला कि वह घबरा गया। मैसेज में दावा किया गया था कि उसके बैंक खाते में 1 लाख करोड़ रुपये ब्लॉक कर दिए गए हैं। इतनी बड़ी रकम का अलर्ट देखकर युवक को कुछ समझ नहीं आया। बाद में पुलिस जांच में पता चला कि यह पूरा मामला बैंक की तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुआ था। युवक के खाते में वास्तव में इतनी बड़ी रकम जमा नहीं हुई थी।
सीकर साइबर थाने के सहायक सब-इंस्पेक्टर दीनदयाल के मुताबिक, समीर खान कोतवाली थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है। बुधवार को उसके मोबाइल पर बैंक की ओर से मैसेज आया, जिसमें खाते में 1 लाख करोड़ रुपये ब्लॉक होने की जानकारी दी गई थी। इतना ही नहीं, उसके खाते में पहले से जमा करीब 55 हजार रुपये की राशि भी होल्ड कर दी गई थी।
अचानक आए इस मैसेज से घबराए समीर ने मेडिकल स्टोर के मालिक धीरज मटोलिया को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दोनों साइबर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि 1 लाख करोड़ रुपये ब्लॉक होने का मैसेज तकनीकी खराबी के कारण आया था। इसके बाद समीर ने बैंक से भी संपर्क किया। बैंक अधिकारियों ने भी अपनी ओर से हुई तकनीकी गलती की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, बाद में समीर के खाते में पहले से जमा 55 हजार रुपये पर लगी रोक भी हटा दी गई।





