हैदराबाद: बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ आंध्र प्रदेश के तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह तूफान सोमवार आधी रात से मंगलवार सुबह के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के पास तट से टकरा सकता है। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। हवा के झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया RED ALERT
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार सुबह 5:30 बजे चक्रवात चेन्नई से करीब 200 किलोमीटर दूर था। यह पिछले छह घंटों में 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। चक्रवात के असर से तेलंगाना में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने नलगोंडा और नागरकुर्नूल जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 3 नवंबर को इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।
2, 3 और 4 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी
इसके अलावा सूर्यपेट, महबूबनगर और वानपर्थी जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। इन पांच जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। IMD ने 2, 3 और 4 नवंबर को तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। अगले छह दिनों तक राज्य में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।





