पंजाब डेस्क: हिमाचल रोडवेज की बस और टिपर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर होने की खबर सामने आई है। घटना रूपनगर-नंगल हाईवे पर अहमदपुर गांव के पास हुई, बस में सवार 7 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से भरतगढ़ के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सड़क सुरक्षा फोर्स को एक राहगीर ने अहमदपुर के पास सड़क हादसा होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि हिमाचल प्रदेश की HRTC बस टिपर ट्रक से टकराई हुई थी। हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। इसके बाद सड़क सुरक्षा फोर्स ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी की एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में घायल यात्रियों की पहचान कमलेश पत्नी रमेश भाटिया निवासी हमीरपुर, शिवांश पुत्र नरेश कुमार निवासी बिलासपुर, प्रिंस निवासी कांगड़ा, गगनदीप सिंह पुत्र मलकीत सिंह निवासी हवेली भरतगढ़, सुलखनी पुत्री शशि शर्मा निवासी बिलासपुर, सुषमा पुत्री सुरजीत सिंह निवासी बिलासपुर और बचनशील ठाकुर निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है।
सड़क सुरक्षा फोर्स के मुताबिक, हादसे के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कर दिया गया, जिससे हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारू हो गया। मामले की आगे की कार्रवाई के लिए वाहनों को घनौली पुलिस चौकी के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





