पंजाब डेस्कः सड़क हादसे में बेटे दिवित ओलक को खोने वाले स्पीड रिकॉर्डर कंपनी के मालिक दिनेश ओलक के परिवार से दुख बांटने के लिए पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की कई हस्तियां उनके घर पहुंच रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को मशहूर गायक यो यो हनी सिंह भी दिनेश ओलक के घर पहुंचे और परिवार के साथ मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सोशल मीडिया के जरिए भी किया था दुख सांझा
इस दौरान एक बेहद भावुक पल देखने को मिला। बेटे की मौत से टूट चुके दिनेश ओलक हनी सिंह के गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे। यह देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बताया जा रहा है कि हनी सिंह दुबई से सीधे दिनेश ओलक के घर पहुंचे थे। उन्होंने इस हादसे पर सोशल मीडिया के जरिए भी दुख जताया था। अपनी पोस्ट में उन्होंने दिवित को अपना भतीजा बताते हुए लिखा था कि उसे खोना उनके लिए बेहद दुखद है। साथ ही उन्होंने भोलेनाथ से परिवार को इस दुख से उबरने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
हनी सिंह के अलावा पंजाबी गायक हार्बी संघा, रवनीत सिंह, कुलविंदर बिल्ला और जसबीर जस्सी भी दिनेश ओलक के घर पहुंचकर परिवार के साथ दुख साझा कर चुके हैं। गायिका गुरलेज अख्तर ने भी परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। गौरतलब है कि शनिवार देर रात जालंधर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्पीड रिकॉर्डर कंपनी के मालिक दिनेश ओलक के बेटे दिवित ओलक और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव की मौत हो गई थी। दिवित का अंतिम संस्कार 3 नवंबर को मॉडल टाउन स्थित श्मशानघाट में किया जाएगा। इस हादसे के बाद से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की कई हस्तियां शोक जताने के लिए परिवार से मिल रही हैं।





