मानसा: ‘वारिस पंजाब दे’ के नेता लक्खा सिधाना की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी के दौरान लक्खा सिधाना और उनके वकीलों ने दावा किया कि उन्हें माइनर हार्ट अटैक आया है। उन्होंने छाती में दर्द और सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत भी की। इसके बाद वकीलों ने अदालत में उनकी मेडिकल जांच करवाने की मांग रखी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
छाती में दर्द कीबनी हुई शिकायत
लक्खा सिधाना के वकील गुरप्रीत सिंह संधू और हरजोत सिंह मान ने बताया कि पुलिस की ओर से उन्हें मेडिकल सहायता दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें छाती में दर्द की शिकायत बनी हुई है। इसी को देखते हुए अदालत में मेडिकल जांच के लिए अर्जी दाखिल की गई थी। वहीं, पेशी के दौरान पुलिस ने लक्खा सिधाना का मोबाइल फोन बरामद करने के लिए 7 दिन का अतिरिक्त रिमांड मांगा। वकीलों ने पुलिस की इस मांग का विरोध करते हुए कहा कि गिरफ्तारी के दिन मोबाइल फोन लक्खा सिधाना की जेब में था।
ऐसे में संभव है कि फोन उसी दौरान कहीं गिर गया हो या फिर उनकी जेब से निकाल लिया गया हो। वकीलों ने पुलिस से यह भी पूछा कि इतने दिन बीत जाने के बाद मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन पता लगाने या उसे ट्रेस करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। इस पर पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पुलिस को लक्खा सिधाना का एक दिन का रिमांड दे दिया।
28 अक्टूबर को किया गया था गिरफ्तार
गौरतलब है कि पुलिस ने 28 अक्टूबर को लक्खा सिधाना को मानसा में डीसी आवास के सामने से कथित तौर पर जबरन हिरासत में लिया था। इस दौरान कुछ युवकों ने उन्हें पुलिस से छुड़ाने की कोशिश भी की थी, लेकिन सिविल वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मी उन्हें गाड़ी में बैठाकर ले गए। इस दौरान कुछ अन्य युवकों को भी पुलिस अपने साथ ले गई थी।





