अमृतसर: पंजाब घूमने आई विदेशी मॉडल के साथ अमृतसर में लूट की घटना सामने आई है। दरअसल, वाघा बॉर्डर घूमकर लौट रही मॉडल लाली का बाइक सवार झपटमार करीब 1.5 लाख रुपये कीमत का आईफोन 17 प्रो मैक्स छीनकर फरार हो गया। वारदात के दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। हालांकि, इस घटना के बावजूद मॉडल का पंजाब और यहां के लोगों के प्रति प्यार कम नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने मुश्किल समय में उनकी मदद कर इंसानियत की मिसाल पेश की।
लाली ने बताया कि 31 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे वह अन्य पर्यटकों के साथ वाघा बॉर्डर घूमकर ऑटो से वापस लौट रही थीं। वह ऑटो की अगली सीट पर बैठी थीं और उनका आईफोन गोद में रखा हुआ था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार एक अज्ञात युवक उनके पास आया और झपट्टा मारकर फोन छीनकर फरार हो गया। फोन के कवर में एक मोर पंख भी लगा हुआ था, जो उन्हें भारत में एक अनजान व्यक्ति ने उपहार के तौर पर दिया था।
मॉडल के मुताबिक, यह भारत की उनकी नौवीं यात्रा थी। उन्होंने बताया कि फोन लूटे जाने की घटना से उन्हें निराशा जरूर हुई, लेकिन इससे भारत, पंजाब और अमृतसर के प्रति उनका लगाव कम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यहां के लोग परिवार की तरह हैं और जरूरत पड़ने पर मदद के लिए आगे आते हैं। लाली ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी है। साथ ही उन्होंने अमृतसर आने वाले अन्य पर्यटकों को अपने कीमती सामान को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी।





