नई दिल्ली: दीवाली के त्योहार पर दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड धारक परिवारों को राहत देने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 15 लाख से अधिक पात्र परिवारों को मुफ्त LPG सिलेंडर का लाभ देने की घोषणा की है। इसके लिए सरकार 142 करोड़ रुपए की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजेगी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को इस योजना के तहत सहायता राशि जारी करेंगी। पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजा जाएगा, ताकि लोगों को इसका लाभ सीधे मिल सके। इस मौके पर दिल्ली के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा दिल्ली में यमुना नदी पर क्रूज सेवा शुरू करने की भी घोषणा की गई है। सरकार के इन दोनों कदमों को दीवाली के मौके पर दिल्लीवासियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि त्योहार के मौके पर परिवारों की खुशियों को बढ़ाने के लिए यह पहल की जा रही है।
महिलाओं को मिलेगा गैस सुविधा का लाभ
सरकारी योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों की महिलाओं को LPG कनेक्शन, गैस चूल्हा और पहला सिलेंडर मुफ्त देने का प्रावधान है। वहीं, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी कई राज्यों में होली और दीवाली पर मुफ्त गैस रिफिल की सुविधा दी जाती है। इससे त्योहार के दौरान परिवारों को रसोई के खर्च में राहत मिलती है।





