नेशनल डेस्क: देशभर में दीपावली की खुशियां और जश्न का माहौल था, लेकिन उत्तर प्रदेश में त्योहार के अगले ही दिन कई परिवारों के घरों में मातम पसर गया। सोमवार को अलग-अलग जिलों में हुए 6 बड़े सड़क हादसों ने खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। इन दुर्घटनाओं में कम से कम 21 लोगों की जान चली गई, जबकि 56 अन्य घायल हो गए। हादसों में कहीं तेज रफ्तार जानलेवा बनी तो कहीं वाहनों का संतुलन बिगड़ने से लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
6 युवकों की जिंदा जलने से मौत
जानकारी के अनुसार सबसे दर्दनाक हादसा मुजफ्फरनगर में हुआ, यहां हरियाणा के हिसार से हरिद्वार जा रही एक कार जगाहेड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर और फिर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार छह युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसा सोमवार सुबह करीब 4:50 बजे पानीपत-खटीमा हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान राहुल (22), अंकित (21), साहिल (22), अजय (22), अंकित (22) और अमन (19) के रूप में हुई है। सभी हिसार के निवासी थे। शुरुआती जांच में कार की रफ्तार अधिक होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक चालक के नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की मदद करने के निर्देश दिए हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर में ही एक अन्य दुर्घटना शाहपुर क्षेत्र के संजक गांव के पास हुई। यहां तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय मोनिश की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। उधर, चित्रकूट में भी एक बड़ा हादसा सामने आया। मऊ तहसील क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामनगर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। हादसा रात करीब ढाई बजे हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक निकल गया था, जिसके चलते ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। उस समय वाहन में मध्यप्रदेश के रीवा जिले के एक परिवार सहित करीब 25 लोग सवार थे। ट्रॉली के नीचे दबने से कई लोग घायल हो गए।
3 यात्रियों की मौत जबकि 41 लोग घायल
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भी एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। राजस्थान के ब्यावर से बिहार के छपरा जा रही बस सोमवार सुबह करीब छह बजे जीरो प्वाइंट के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग घायल हो गए। मृतकों में 63 वर्षीय शंकर रजक और 43 वर्षीय शमली राय शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक निजी बस के परिचालक और उसके सहायक की सड़क हादसे में जान चली गई। बस दिल्ली से झारखंड जा रही थी। रास्ते में बस से उतरकर परिचालक विपिन यादव (50) और सहायक कौशल (35) खिड़की के शीशे की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
कार चालक की लापरवाही से हुआ हादसा
वहीं, लखनऊ के मानकनगर इलाके में देव अस्पताल के पास एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने दोपहिया सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 22 वर्षीय दीपांशु रावत की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 17 वर्षीय किशोर घायल हो गया। इसके अलावा दुबग्गा क्षेत्र में रविवार रात करीब नौ बजे कार और ई-रिक्शा के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ। पुलिस ने कार चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताया है। कुशीनगर में भी सड़क दुर्घटना ने दो लोगों की जान ले ली।
अहिरौली बाजार क्षेत्र में रविवार रात करीब 10:45 बजे लोहझार क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसे में पैदल यात्री और बाइक सवार दोनों की मौत हो गई। दूसरे वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, सभी दुर्घटनाओं की जांच की जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और फरार वाहन चालकों की तलाश जारी है।





