चंडीगढ़: कांग्रेस पार्टी द्वारा संगरूर में राहुल गांधी की रैली आयोजित किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने 1984 के सिख नरसंहार को लेकर कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज संगरूर में ‘इंसाफ रैलियां’ कर रही है, लेकिन 1984 के सिख नरसंहार के पीड़ितों को न्याय दिलाने के मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी चुप क्यों हैं? नरसंहार के 42 साल बाद भी कांग्रेस आरोपियों को संरक्षण देती रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न शहरों में सिखों का नरसंहार किया गया। राहुल गांधी बताएं कि 1984 के सिख नरसंहार की साजिश में कथित तौर पर शामिल कांग्रेस नेताओं को पार्टी द्वारा संरक्षण क्यों दिया जाता रहा? क्या वह पंजाब के लोगों के सामने यह स्पष्ट करेंगे कि ऐसे नेताओं के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक देश की सत्ता में रही, लेकिन 1984 के नरसंहार के पीड़ित परिवारों को पूर्ण न्याय दिलाने में नाकाम क्यों रही? हजारों परिवारों को दशकों तक न्याय के लिए दर-दर भटकना क्यों पड़ा? केवल सिंह ढिल्लों ने राहुल गांधी से सीधा सवाल करते हुए पूछा कि क्या वह 1984 के सिख नरसंहार के लिए अपने परिवार और अपनी पार्टी की ऐतिहासिक एवं नैतिक जवाबदेही स्वीकार करते हुए पंजाब और देश के सिखों से माफी मांगेंगे?
ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस ने 42 साल पहले जख्म दिए थे और 1 नवंबर को उन जख्मों को फिर से कुरेदने का काम भी कांग्रेस ने ही किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती केवल चुनाव प्रचार करने के लिए नहीं है, बल्कि इतिहास के दर्दनाक सवालों का जवाब देने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित करने के लिए भी है। राहुल गांधी को संगरूर रैली में इन सवालों से बचने के बजाय पंजाबियों को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।




