तेहरान: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने परमाणु विस्फोट की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एक दुर्लभ सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने करीब 8 मिनट का एक वीडियो जारी कर लोगों को बताया है कि परमाणु विस्फोट होने पर खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित कैसे रखा जाए।
इस वीडियो में नागरिकों को संभावित परमाणु हमले के बाद सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, रेडियोधर्मी प्रदूषण से बचने और परमाणु विकिरण के प्रभाव यानी रेडियोएक्टिव फॉलआउट से खुद को सुरक्षित रखने के तरीके बताए गए हैं।
बेसमेंट में लें शरण, खिड़कियों से रहें दूर
ईरानी अधिकारियों की एडवाइजरी के मुताबिक, परमाणु विस्फोट की स्थिति में लोगों को तुरंत किसी मजबूत इमारत के बेसमेंट या भूमिगत सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहिए। खिड़कियों, दरवाजों और बाहरी दीवारों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा एयर कंडीशनर और ऐसे वेंटिलेशन सिस्टम बंद करने को कहा गया है, जो बाहर की हवा को अंदर खींचते हैं। इससे रेडियोधर्मी कणों को घर या सुरक्षित स्थान के भीतर आने से रोकने में मदद मिल सकती है।
कम से कम 24 घंटे शेल्टर में रहने की सलाह
एडवाइजरी में नागरिकों को संभावित परमाणु हमले के बाद कम से कम 24 घंटे तक सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान पैकेट में बंद खाद्य पदार्थ और बोतलबंद पानी का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
लोगों को वाहनों के अंदर शरण लेने से भी मना किया गया है, क्योंकि कार या अन्य वाहन परमाणु विकिरण और रेडियोधर्मी कणों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं दे सकते।
खुले में फंस जाएं तो क्या करें?
ईरान की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में उन लोगों के लिए भी सावधानियां बताई गई हैं, जो विस्फोट के समय खुले में मौजूद हों। ऐसे लोगों को तुरंत किसी मजबूत इमारत के अंदर जाने, धूल और धुएं से दूर रहने तथा रेडियोधर्मी कणों के संपर्क को कम करने की सलाह दी गई है।
ईरानी आपातकालीन अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रेडियोधर्मी कण हवा के जरिए काफी दूर तक फैल सकते हैं। ऐसे में विस्फोट स्थल से दूर रहने वाले लोग भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।
मिस्र और सऊदी अरब के मीडिया में भी चर्चा
ईरान की इस एडवाइजरी की खबर मिस्र और सऊदी अरब के मीडिया संस्थानों ने भी प्रमुखता से प्रकाशित की है। परमाणु विस्फोट की स्थिति से निपटने के लिए जारी इन दिशा-निर्देशों को क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
हालांकि, इस एडवाइजरी को जारी करने का मतलब यह नहीं है कि ईरान पर परमाणु हमला होने वाला है। यह संभावित आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जारी किए गए सुरक्षा निर्देश हैं।





