पंचकूला: स्कूल में हमले के बाद जिंदगी और मौत से जूझ रही 6 साल की बच्ची की हालत में अब काफी सुधार हुआ है। PGI चंडीगढ़ से सामने आए नए वीडियो में वह अपनी मां की गोद में बैठकर मुस्कुराती नजर आ रही है। वीडियो कॉल पर अपने चाचा फाजिल से बात करते हुए भी बच्ची के चेहरे पर मुस्कान दिखी।
बच्ची के चाचा फाजिल ने बताया कि उसकी सेहत पहले से बेहतर है। उन्होंने उसे शेरनी बताते हुए कहा कि यह उसके लिए दूसरा जन्म है। परिवार के मुताबिक, बच्ची ने होश में आने के बाद मां को बताया कि उसे पत्थर मारा गया था।
हालांकि, मानसिक स्थिति को देखते हुए परिवार फिलहाल उससे घटना के बारे में बात नहीं कर रहा है।बच्ची के ठीक होने से भारत और विदेशों में उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जो उसके स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे थे। परिवार ने बताया कि उन्हें अमेरिका और अरब देशों सहित कई जगहों से संदेश मिले हैं, जिनमें लोग उसकी सेहत के बारे में पूछ रहे हैं और उसके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र ने किंडरगार्टन में पढ़ने वाली बच्ची पर हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उसे PGI चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया था। मामले में स्कूल प्रिंसिपल, क्लास इंचार्ज और सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। प्रिंसिपल और दो JBT शिक्षकों को सस्पेंड भी किया जा चुका है।





