बॉलीवुड डेस्क: बॉलीवुड इंडस्ट्री पर गैंगस्टरों की धमकियों का साया मंडराता नजर आ रहा है। फिल्मी सितारों को निशाना बनाकर फिरौती मांगने के मामलों के बीच अब अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपए देने की धमकी मिली है। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में इस कॉल को लेकर चौंकाने वाली बात सामने आई है।
धमकी भरा फोन आने के बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। इसके बाद क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच शुरू की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तकनीकी टीम ने धमकी देने वाले की आवाज का मिलान अपने डेटाबेस में मौजूद हैरी बॉक्सर के आधिकारिक वॉयस सैंपल से किया। जांच में दोनों आवाजों के बीच समानता नहीं मिली। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अंतर के बाद आशंका जताई जा रही है कि किसी ने दहशत फैलाने और फिरौती वसूलने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया हो।
फिलहाल पुलिस उस अज्ञात व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने तुषार कपूर को धमकी भरा कॉल या ऑडियो भेजा था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस धमकी के पीछे कौन है और क्या इसका किसी संगठित गिरोह से कोई संबंध है।





