लुधियाना: हरचरण नगर फायरिंग मामले में एक दर्दनाक मोड़ सामने आया है। थार सवार युवक दिव्यांशु बग्गा पर हुई गोलीबारी के बाद 23 वर्षीय रैना धीर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे सीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिव्यांशु का दावा है कि रैना ने उसे जन्मदिन का केक काटने के लिए बुलाया था, जहां उसके परिजनों ने हमला करवाया और थार पर 15-20 राउंड गोलियां चलाईं।
वहीं, रैना के भाई रोहन धीर ने आरोप लगाया कि दिव्यांशु पिछले तीन महीने से उसकी बहन को परेशान कर रहा था और घटना वाली रात उसने परिवार पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करने के साथ फायरिंग भी की।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, फायरिंग की घटना और युवती की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।





