नई दिल्ली: दिल्ली के मयूर विहार इलाके के एक स्कूल में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 वर्षीय छात्रा अचानक क्लासरूम में बेहोश होकर गिर पड़ी। स्कूल स्टाफ उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से स्कूल में मौजूद बच्चों और स्टाफ में हड़कंप मच गया।
स्कूल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाले
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9:52 बजे बच्ची की तबीयत बिगड़ने की सूचना PCR के जरिए मिली थी। इसके बाद उसे निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए स्कूल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। शुरुआती फुटेज में बच्ची क्लासरूम में प्रवेश करने के कुछ देर बाद अचानक नीचे गिरती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि गिरने से पहले उसने अपनी कमर पर हाथ रखा था। बच्ची को इस हालत में देखकर टीचर तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंचे और उसे कुर्सी पर बैठाने की कोशिश की। हालांकि, वह बेहोश थी। इसके बाद शिक्षक उसे क्लासरूम से बाहर लेकर गए।
शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका
स्कूल के अन्य कैमरों की फुटेज में बच्ची घटना से पहले बाकी विद्यार्थियों के साथ सीढ़ियां चढ़ती और परिसर में घूमती दिखाई दे रही है। फिलहाल शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन बच्ची की मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं। CCTV फुटेज के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि अचानक हुई इस घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।





