श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर धमाके की घटना सामने आई है। 50 जीबी गांव के पास हुए इस धमाके से रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि सीमेंट के खंभों को नुकसान पहुंचा और उनके अंदर लगी लोहे की सरिया बाहर दिखाई देने लगी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के दो स्लीपर भी क्षतिग्रस्त पाए गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर दो यात्री ट्रेनों (59711/12 और 59715/16) को रद्द कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और जांच को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। वहीं, पुलिस ने फिलहाल धमाके के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। श्रीगंगानगर के एसपी हरीशंकर ने कहा कि इस घटना का सीमावर्ती इलाके से हाल ही में बरामद हुए 7.5 किलोग्राम RDX से कोई संबंध नहीं है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की असली वजह सामने आ सकेगी।





