लुधियाना: लुधियाना के गिल रोड स्थित पाहवा चौक पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और हुड़दंग मचाने वाले कुछ लोगों के खिलाफ निहंग सिंहों ने कार्रवाई की। निहंग सिंह गांधी बाबा और उनके साथियों ने मौके पर पहुंचकर खुले में शराब पी रहे युवकों को पकड़ा और उनकी डंडों से पिटाई कर दी। इस दौरान युवकों से कान पकड़वाकर माफी भी मंगवाई गई।
जानकारी के अनुसार, पाहवा चौक के पास शराब के ठेके के बाहर कुछ युवक सड़क किनारे बैठकर खुलेआम शराब पी रहे थे। बताया जा रहा है कि नशे में होने के कारण वे वहां से गुजरने वाले लोगों और आसपास के दुकानदारों के लिए परेशानी खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे निहंग सिंह गांधी बाबा और उनके साथियों ने उन्हें शराब पीते देख लिया। इसके बाद निहंग सिंहों ने मौके पर पहुंचकर युवकों को घेर लिया और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का विरोध किया। इस दौरान युवकों और निहंग सिंहों के बीच बहस भी हुई। बाद में निहंग सिंहों ने युवकों की पिटाई की और उनसे भविष्य में ऐसी गलती न करने का वादा करवाते हुए माफी मंगवाई।
इस मामले में गांधी बाबा ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने और लोगों को परेशान करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाहवा चौक और आसपास के इलाकों में ऐसी गतिविधियों के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने पुलिस और प्रशासन से भी अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।




