नेशनल डेस्क: दिवाली से पहले महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्यभर में चलाए गए जांच अभियान के दौरान 105 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। जांच के घेरे में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो, ब्लिंकइट और बिरयानी बाय किलो जैसे बड़े ब्रांड भी आए हैं।
सात प्रतिष्ठानों को बंद करने के आदेश जारी
FDA ने 4 और 5 नवंबर को अलग-अलग शहरों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। अकेले मुंबई में 28 कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित किए गए। इनमें जेप्टो का वर्ली आउटलेट, ब्लिंकइट, बिरयानी बाय किलो, टॉसिन पिज्जा का वर्ली आउटलेट और जंबो बर्गर शामिल हैं। जांच के दौरान नियमों का गंभीर उल्लंघन मिलने पर राज्य के सात प्रतिष्ठानों को बंद करने के आदेश भी जारी किए गए। इनमें पुणे के तीन, अमरावती के दो तथा मुंबई और कोंकण क्षेत्र के एक-एक प्रतिष्ठान शामिल हैं। मुंबई के बोरीवली स्थित राजधानी बिरयानी सेंटर को भी बंद करने का आदेश दिया गया है।
1.35 करोड़ रुपये से ज्यादा का खाद्य स्टॉक कब्जे में
इसके अलावा नागपुर के कामठी रोड स्थित डी-मार्ट स्टोर की जांच में लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाया गया। यहां से रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया। पूरे अभियान के दौरान 69 से अधिक प्रतिष्ठानों से 1.35 करोड़ रुपये से ज्यादा का खाद्य स्टॉक भी कब्जे में लिया गया। अधिकारियों को आशंका है कि इसमें असुरक्षित या मिलावटी खाद्य पदार्थ हो सकते हैं। FDA की इस कार्रवाई में प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों को लेकर तीन एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार करने के साथ दो वाहन भी जब्त किए गए। महाराष्ट्र FDA के आयुक्त तुकाराम मुंडे ने कारोबारियों को चेतावनी दी है कि खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दिवाली के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर यह विशेष अभियान चलाया गया है।





