जयपुर: जयपुर एयरपोर्ट पर इंदौर से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7136 की पहली लैंडिंग की कोशिश सफल नहीं हो सकी। रनवे पर उतरते समय पायलट को विमान की अप्रोच सही नहीं लगी, जिसके चलते उन्होंने तुरंत ‘गो-अराउंड’ प्रक्रिया अपनाई और विमान को दोबारा हवा में उठा लिया। करीब 17 मिनट बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। उस समय फ्लाइट में 140 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट को शुक्रवार दोपहर 1:15 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन यह तय समय से करीब 12 मिनट पहले यानी 1:03 बजे ही पहुंच गई। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, विमान की अप्रोच अस्थिर होने के कारण पायलट ने लैंडिंग का प्रयास बीच में ही रोक दिया।
इसके बाद विमान ने दोबारा उड़ान भरी और कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाए। आखिरकार दोपहर 1:20 बजे विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, विमान की अप्रोच अस्थिर होने के कारण पहली बार लैंडिंग नहीं हो सकी। पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गो-अराउंड का फैसला लिया। इसके बाद सभी 140 यात्रियों ने सुरक्षित लैंडिंग की।





