बिजनेस डेस्क: सर्दियों में इस बार अंडे और चिकन खाना महंगा पड़ सकता है। पोल्ट्री उद्योग पर बढ़ती लागत का असर अब आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है। मक्का और टूटे चावल के दाम लगभग दोगुने होने से मुर्गियों के चारे की कीमत बढ़ गई है। इसके चलते दिसंबर तक अंडे और चिकन के दाम 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ने का अनुमान है।
फिलहाल 6-7 रुपए में मिलने वाला अंडा 8 रुपए तक पहुंच सकता है। वहीं, 225-250 रुपए किलो बिकने वाला चिकन 275 रुपए तक मिल सकता है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में कम बारिश के कारण मक्के की पैदावार प्रभावित हुई है।
दूसरी ओर, एथेनॉल बनाने में मक्के का इस्तेमाल बढ़ने से इसकी उपलब्धता भी कम हो गई है। महंगे चारे के कारण पोल्ट्री किसान कम वजन वाले मुर्गे बेच रहे हैं। इससे दिसंबर और जनवरी में चिकन की सप्लाई घट सकती है और बाजार में कीमतें और बढ़ने की आशंका है।





