इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका में रह रहें भारतीयों की मुश्किलें बढ़ने वाली है। दरअसल, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन नीति और सख्त होने के संकेत मिल रहे हैं, जिसके असर वहां रहने वाले भारतीयों, नौकरी करने वाले पेशेवरों और पढ़ाई के लिए अमेरिका जाने वाले छात्रों पर पड़ सकता है।
जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन करीब 18 हजार अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस भेजने की कार्रवाई तेज करने की तैयारी में है। इसके साथ ही H-1B वीजा के नियमों को भी और सख्त किया जा सकता है, क्योंकि मिडटर्म चुनावों में ट्रंप की पार्टी को झटका लगा है। इसी बीच भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं के डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को समर्थन देने की चर्चा भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ट्रंप प्रशासन अब इमिग्रेशन के मुद्दे पर सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।
आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में 3,567 भारतीयों को अमेरिका से वापस भेजा गया था। पिछले 15 सालों में यह सबसे बड़ा आंकड़ा बताया गया। वहीं, 2026 में जून तक 1,076 भारतीयों को डिपोर्ट किया जा चुका था। दूसरी ओर, H-1B वीजा के लिए भारत से होने वाले रजिस्ट्रेशन में भी गिरावट दर्ज की गई है। इस साल 1.06 लाख रजिस्ट्रेशन हुए, जबकि पिछले साल यह संख्या 1.72 लाख थी। ट्रंप प्रशासन H-1B वीजा व्यवस्था में बदलाव और नियमों को सख्त करने पर भी विचार कर रहा है। इसी कड़ी में स्टीफन मिलर को व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किए जाने का जिक्र किया गया है। मिलर इमिग्रेशन पर सख्त नीतियों के समर्थक माने जाते हैं।
इसके अलावा अमेरिकी कांग्रेस में ऐसे विधेयक लाने की तैयारी है, जिनका असर विदेशी छात्रों और पेशेवरों के वीजा नियमों पर पड़ सकता है। यदि इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो भारतीय छात्रों के लिए अमेरिका में पढ़ाई और नौकरी के अवसर हासिल करना पहले से ज्यादा मुश्किल हो सकता है।





