हिमाचल डेस्क : घर में नई दुल्हन के आने से परिवार में खुशियों का माहौल था। शादी की रस्में अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि महज चार दिन बाद ही ससुराल वालों को बड़ा झटका लग गया।
आरोप है कि नई नवेली दुल्हन घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। मामला हिमाचल प्रदेश के भरारी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। परिवार के मुताबिक, 4 नवंबर को दुल्हन मौका पाकर घर से चली गई। बाद में जब घर में रखे सामान की जांच की गई तो करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 1.80 लाख रुपये की नकदी गायब मिली। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।





