हरियाणा डेस्क : दीवाली की खुशियों के बीच हरियाणा सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद DA और DR की दर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है। बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू मानी जाएंगी।
वित्त विभाग की ओर से गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए। इसके अनुसार, 7वें वेतन और पेंशन आयोग के तहत वेतन या पेंशन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बढ़े हुए DA और DR का लाभ मिलेगा। इसमें पारिवारिक पेंशन लेने वाले लोग भी शामिल हैं।
दिसंबर में मिलेगी बढ़ी हुई राशि
सरकार के आदेश के मुताबिक, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और राहत नवंबर 2026 के वेतन और पेंशन के साथ दिया जाएगा। इसका भुगतान दिसंबर 2026 में होगा। वहीं, जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के चार महीनों का बकाया कर्मचारियों और पेंशनर्स को जनवरी 2027 में दिया जाएगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि DA और DR की गणना के दौरान 50 पैसे या इससे अधिक की राशि को अगले पूरे रुपये में माना जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम की राशि को नजरअंदाज किया जाएगा।





