पंजाब: सर्दियों की धुंध शुरू होते ही सड़कों पर हादसे भी बढ़ने लगे हैं। ताजा मामला पंजाब के मोगा और फिरोजपुर से सामने आया है, जहां कम विजिबिलिटी के कारण दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। मोगा में चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसमें एक बच्चे समेत 7 लोग घायल हो गए। वहीं फिरोजपुर में प्राइवेट बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में ड्राइवर-कंडक्टर समेत कई लोग घायल हो गए।
मोगा में एक के बाद एक टकराईं 4 गाड़ियां
मोगा के बाघापुराना-बठिंडा भारतमाला एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे धुंध के कारण हादसा हुआ। सबसे पहले स्कॉर्पियो आगे चल रही स्विफ्ट कार से टकराई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बेकाबू होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। पीछे से आ रही क्रेटा और अर्टिगा भी इन गाड़ियों से टकरा गईं। हादसे में स्विफ्ट में सवार बुजुर्ग दंपति, स्कॉर्पियो में बैठे पांच युवक और एक तीन साल का बच्चा घायल हो गए। गाड़ियों के दरवाजे लॉक होने के कारण राहगीरों और आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाकर रास्ता दोबारा खोला गया।
फिरोजपुर में बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर
दूसरा हादसा फिरोजपुर के जीरा-कोट ईसे खां मुख्य मार्ग पर गांव लौंगीविंड के पास हुआ। यहां धुंध के कारण प्राइवेट बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस का ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए, जबकि कई यात्रियों को भी चोटें आईं। आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।





