लुधियाना: दिवाली की रौनक के बीच आगजनी की घटनाएं किसी बड़े हादसे का कारण न बनें, इसके लिए लुधियाना फायर ब्रिगेड ने अभी से कमर कस ली है। त्योहार के दौरान पटाखों और अन्य कारणों से आग लगने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने अपने इंतजाम मजबूत कर दिए हैं। इस बार फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।
बुधवार को सीनियर डिप्टी मेयर ने सेंट्रल फायर स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान ए.डी.एफ.ओ. ने बताया कि दिवाली तक 100 से अधिक फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन कर्मचारियों को त्योहार तक छुट्टी नहीं मिलेगी और जरूरत पड़ने पर ओवरटाइम भी करना होगा।
32 दमकल गाड़ियां रहेंगी पूरी तरह तैयार
आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए शहर के सभी फायर स्टेशनों पर 32 छोटी-बड़ी दमकल गाड़ियों को सक्रिय कर दिया गया है। गाड़ियों में फोम और पर्याप्त मात्रा में पाइपों का इंतजाम किया गया है, ताकि आग लगने की स्थिति में बचाव कार्य में देरी न हो।
रात में भी होगी पानी की व्यवस्था
फायर ब्रिगेड के सामने अक्सर आग बुझाने के दौरान गाड़ियों में पानी दोबारा भरने की समस्या आती है। इस परेशानी को दूर करने के लिए दिवाली तक रात के समय भी सभी री-फिलिंग प्वाइंट्स पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा बिजली गुल होने की स्थिति से निपटने के लिए सभी सब-स्टेशनों पर जनरेटर लगाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर बड़े मॉल, अस्पतालों और औद्योगिक इकाइयों से भी दमकल गाड़ियों में पानी भरने के लिए सहायता ली जा सकेगी।
इन जगहों पर बनाए गए हैं री-फिलिंग प्वाइंट
शहर में दमकल गाड़ियों में पानी भरने के लिए लक्ष्मी सिनेमा चौक, सुंदर नगर, फोकल प्वाइंट, हम्बड़ां रोड, ताजपुर रोड और ओल्ड जी.टी. रोड सहित अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्था की गई है। इससे आग लगने की स्थिति में दमकल गाड़ियों को पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और राहत कार्य तेजी से किया जा सकेगा।





