जालंधर : जालंधर में कबाड़ के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, यहां के वेस्ट हलके में आते जैनल नगर में देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग के दौरान गोदाम में रखी कांच की बोतलों में धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई दीं। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि किसी शरारती तत्व ने गोदाम में पटाखा चलाया था। पटाखा जलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद पटाखे से निकली चिंगारी कबाड़ तक पहुंच गई और गोदाम में आग लग गई।
लोगों ने खुद शुरू किए आग बुझाने के प्रयास
गोदाम मालिक के अनुसार, आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई थी, लेकिन काफी देर तक टीम मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में स्थानीय लोगों ने खुद ही आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि करीब एक से डेढ़ घंटे बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अगर टीम समय पर आ जाती तो नुकसान को काफी हद तक बचाया जा सकता था।
कांच की बोतलों में होते रहे धमाके
इलाका निवासी रिंकू ने बताया कि इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि गोदाम में कबाड़ का सामान खुले में रखा हुआ था। आग लगने के दौरान वहां रखी कांच की बोतलों में धमाके हो रहे थे। उन्होंने खुले में कबाड़ रखने पर रोक लगाने और प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, दमकल विभाग के कर्मचारी सहोता ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और गोदाम में भीषण आग लगी हुई थी। उन्होंने कहा कि इस तरह के गोदाम रिहायशी इलाकों से बाहर होने चाहिए। दमकल विभाग की टीम बड़े टैंकर की मदद से आग पर काबू पाने में जुटी रही।





