नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 13 से 15 अक्टूबर तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। वहीं, 14 और 15 अक्टूबर को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों, बागवानी और बिजली व संचार लाइनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा पेड़ों की टहनियां टूटने और हल्की या कमजोर संरचनाओं को नुकसान होने का खतरा भी बना रहेगा।
उत्तर प्रदेश और मध्य भारत में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 13 से 15 अक्टूबर तक और पूर्वी इलाकों में 15 व 16 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 13 से 18 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में हल्की या छिटपुट बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी सप्ताह के आखिरी दिनों में बारिश हो सकती है। मौसम में इस बदलाव के चलते लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और गरज-चमक के समय खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए।





