चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के संभावित गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच ज्ञानी हरप्रीत सिंह की अगुवाई वाले शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) ने अपनी राजनीतिक रणनीति साफ कर दी है। पार्टी अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने स्पष्ट कहा है कि अगर भाजपा ने सुखबीर बादल की अगुवाई वाले अकाली दल के साथ गठबंधन किया तो उनकी पार्टी भाजपा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने हालांकि गठबंधन के दूसरे विकल्प खुले रखे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल बादल को छोड़कर अन्य राजनीतिक दलों के साथ चुनावी तालमेल की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है। इससे साफ है कि उनकी पार्टी 2027 के चुनाव में अकेले उतरने के साथ-साथ दूसरे दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का विकल्प भी खुला रखना चाहती है।
भाजपा से बातचीत हुई, लेकिन राजनीतिक गठबंधन पर चर्चा नहीं
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने बताया कि भाजपा के साथ पहले भी पंजाब और राज्य के हितों से जुड़े कुछ मुद्दों पर बातचीत हुई थी। हालांकि, यह बातचीत राजनीतिक गठबंधन को लेकर नहीं थी। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल भाजपा के साथ चुनावी समझौते को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
दूसरी राजनीतिक पार्टियों के साथ बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उनकी पार्टी ने पांच सदस्यों की एक कमेटी बनाने का फैसला किया है। कमेटी के सदस्यों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे। यह कमेटी संभावित गठबंधन और चुनावी तालमेल को लेकर दूसरे दलों के नेताओं से बातचीत करेगी।
ड्रग्स, गैंगस्टरवाद और बंदी सिखों की रिहाई होंगे प्रमुख मुद्दे
पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि उनका संगठन पंजाब और पंथक मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगा। चुनावी अभियान में नशे की समस्या, गैंगस्टरवाद, युवाओं के लिए रोजगार और जेलों
, जेलों में बंद सिखों की रिहाई और राज्य के अन्य अहम मुद्दे शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी पंजाब के गांवों और शहरों में जाकर लोगों से संवाद करेगी और पंथक मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
युवाओं और महिलाओं को 35-35 प्रतिशत टिकट देने का ऐलान
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने विधानसभा चुनाव को लेकर एक और अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव में युवाओं और महिलाओं को 35-35 प्रतिशत टिकट देगी। उनका मानना है कि राजनीति में नई पीढ़ी और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। पार्टी इस फैसले के जरिए पंजाब की राजनीति में नए चेहरों को अवसर देना चाहती है।
नवंबर के तीसरे सप्ताह में हो सकता है BJP-अकाली गठबंधन का ऐलान
दूसरी ओर, भाजपा और अकाली दल बादल के बीच गठबंधन को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दोनों दल नवंबर के तीसरे सप्ताह में गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि अकाली दल इस घोषणा के लिए 8 दिसंबर की तारीख चाहता था। यह दिन पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और अकाली दल के दिवंगत नेता प्रकाश सिंह बादल का जन्मदिन है। हालांकि, अब गठबंधन की घोषणा नवंबर के तीसरे सप्ताह में होने की संभावना जताई जा रही है।
ऐसे में पंजाब की राजनीति में 2027 के चुनाव से पहले गठबंधन की तस्वीर दिलचस्प होती जा रही है। एक तरफ भाजपा और अकाली दल बादल के बीच नजदीकियां बढ़ने की चर्चा है, वहीं दूसरी तरफ ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने अपने राजनीतिक विकल्पों को अलग रखने का संकेत दे दिया है। आने वाले दिनों में पांच सदस्यीय कमेटी की घोषणा और दूसरी पार्टियों के साथ बातचीत पर सबकी नजर रहेगी।





