नेशनल डेस्क: त्योहारी सीजन में अगर आप घर में घी और मक्खन का इस्तेमाल करते हैं तो आपकी जेब पर महंगाई का एक और झटका लगने वाला है। देश के लोकप्रिय डेयरी ब्रांड अमूल ने घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 2 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। इसके तहत अमूल घी के एक लीटर पैक पर 40 रुपये और 500 ग्राम मक्खन के पैक पर 15 रुपये बढ़ाए गए हैं।
अब इतने रुपये में मिलेगा एक लीटर घी
गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दूध उत्पादन की लागत बढ़ने के कारण कीमतों में बदलाव किया गया है। नई कीमतों के अनुसार, अमूल घी का एक लीटर का पाउच अब 680 रुपये में मिलेगा। वहीं, अमूल काउ घी के एक लीटर पैक के लिए ग्राहकों को 735 रुपये खर्च करने होंगे।
मक्खन खरीदने के लिए भी ढीली करनी होगी जेब
घी के साथ-साथ अमूल ने टेबल बटर की कीमत भी बढ़ा दी है। पहले के मुकाबले 500 ग्राम मक्खन के पैक पर 15 रुपये अधिक देने होंगे। अब इसकी कीमत बढ़कर 325 रुपये हो गई है। कंपनी ने अमूल टेबल बटर, अमूल घी और अमूल काउ घी के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में संशोधन किया है।
36 लाख किसानों से जुड़ी है अमूल की सहकारी संस्था
जीसीएमएमएफ के मुताबिक, अमूल सहकारी संस्था से करीब 36 लाख किसान जुड़े हुए हैं। कंपनी का कहना है कि दूध उत्पादन की लागत में लगातार बढ़ोतरी के चलते घी और मक्खन की कीमतों में बदलाव करना पड़ा है।





