देहरादून: पहाड़ों पर सर्दी ने दस्तक दे दी है। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में रविवार रात और सोमवार सुबह हुई भारी बर्फबारी के बाद पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। मंदिर परिसर और आसपास की पहाड़ियों का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहा है। बर्फबारी की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें केदारनाथ मंदिर बर्फ से घिरा नजर आ रहा है।

दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर तेज होने लगा है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में पारा 0.1 डिग्री और कल्पा में 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पहाड़ी इलाकों में तापमान गिरने के साथ ही मैदानी क्षेत्रों और घाटियों में सुबह के समय धुंध छाने लगी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में उत्तराखंड में सामान्य 25.1 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले 28.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

अंतिम चरण में पहुंची केदारनाथ यात्रा
केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। वर्ष 2026 की यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक 18 लाख 80 हजार 398 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं।



