कटरा: माता वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह लगातार देखने को मिल रहा है। शारदीय नवरात्र के शुरुआती पांच दिनों में अब तक करीब 2.30 लाख श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में माथा टेक चुके हैं। भक्तों की लगातार बढ़ती आवाजाही से कटरा और यात्रा मार्ग पर धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
बारिश के चलते रास्ते में रुकने को मजबूर हुए श्रद्धालु
बुधवार रात हुई तेज बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर कई जगह श्रद्धालुओं को रुकना पड़ा। लगातार बारिश से बचने के लिए कुछ भक्तों ने रास्ते में बनाए गए आश्रय स्थलों का सहारा लिया। वहीं, मां वैष्णो देवी भवन और अर्धकुंवारी मंदिर परिसर सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी श्रद्धालु मौसम सामान्य होने का इंतजार करते नजर आए।
मौसम में सुधार, फिर भी हल्की बारिश जारी
वीरवार सुबह मौसम में कुछ सुधार देखने को मिला, हालांकि बीच-बीच में हल्की बारिश होती रही। इसके बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं। परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे भक्त मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते दिखाई दिए।
खराब मौसम के बीच भी मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उमड़ रही भीड़ श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाती है। नवरात्र के दौरान यात्रा पर आने वाले भक्तों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है।





