नेशनल डेस्कः शारदीय नवरात्र के आगमन के साथ ही माता वैष्णो देवी के दरबार में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। मां के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। कटड़ा से लेकर माता के भवन तक सजावट की गई है। वहीं, शहर के प्रमुख स्थानों पर बनाए गए स्वागत द्वार नवरात्र की रौनक बढ़ा रहे हैं।

नवरात्र के नौ दिनों में माता दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस पावन अवसर पर माता वैष्णो देवी के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया है। भवन परिसर को आकर्षक रूप देने के लिए सजावट का काम किया गया है, जबकि तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अन्य काम भी जारी हैं।

कटड़ा में जगह-जगह बनाए गए स्वागत द्वार
नवरात्र के दौरान देशभर से माता के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए शहर को खास अंदाज में सजाया गया है। प्रमुख चौक-चौराहों पर भव्य स्वागत द्वार तैयार किए गए हैं। कटड़ा से लेकर माता के भवन तक सजावट के कारण पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल नजर आने लगा है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम
नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा मार्ग और माता के भवन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। प्रशासन की ओर से यात्रा को सुचारु बनाए रखने और भक्तों को किसी तरह की परेशानी से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।





