पंजाब डेस्क: पंजाब में नवंबर के दूसरे सप्ताह में मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार और शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके चलते आने वाले दिनों में ठंड का असर भी बढ़ सकता है। मौसम में इस बदलाव का असर खासतौर पर पंजाब के उत्तरी और दोआबा क्षेत्र में देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और इसके आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब में बादल छाने और बारिश की स्थिति बन रही है। 12 और 13 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश के आसार हैं। गुरुवार को सात जिलों में मौसम बदल सकता है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर शामिल हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
सुबह-शाम धुंध, बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड
बारिश के साथ ही राज्य के कई इलाकों में सुबह और शाम के समय हल्की से मध्यम धुंध छा सकती है। ऐसे में सुबह के समय सड़क और रेल से सफर करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी। मौसम में नमी बढ़ने और बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ेगा।
24 घंटे में 1.1 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान
इससे पहले बुधवार को पंजाब के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि, तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। इसके बावजूद न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। पठानकोट राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में होने वाली बारिश के बाद प्रदेश में सर्दी का असर पहले से ज्यादा महसूस हो सकता है।





