लुधियाना: लुधियाना में एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पेट दर्द की शिकायत लेकर क्लिनिक पहुंचे युवक को इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और इलाके के लोगों ने क्लिनिक के बाहर हंगामा करते हुए डॉक्टर पर गलत इलाज करने और बिना वैध डिग्री के मरीजों का उपचार करने के आरोप लगाए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्वास्थ्य विभाग व ड्रग इंस्पेक्टर को मामले की जांच के लिए सूचित किया।
छठ पूजा पर गांव जाने की थी तैयारी, सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत
मृतक की पहचान 27 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है। वह मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था और शादीशुदा था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक, राजेश को बुधवार सुबह छठ पूजा के लिए अपने पैतृक गांव जाना था। घर से निकलने से पहले अचानक उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। इसके बाद परिवार के सदस्य उसे नजदीक स्थित बब्बर क्लिनिक लेकर पहुंचे।
इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी हालत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
परिवार का आरोप है कि क्लिनिक में मौजूद डॉक्टर ने राजेश को पेट दर्द का इंजेक्शन लगाया। इसके तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मृतक की भाभी ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। परिजनों ने यह भी दावा किया कि कुछ समय पहले राजेश की मां की मौत भी इसी क्लिनिक में कथित गलत इलाज के कारण हुई थी।
हाई बीपी होने के बावजूद इंजेक्शन लगाने का आरोप
राजेश के भाई संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि क्लिनिक पहुंचने के समय राजेश का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ था। इसके बावजूद डॉक्टर ने जरूरी जांच किए बिना उसे इंजेक्शन लगा दिया। परिवार ने डॉक्टर की मेडिकल डिग्री और क्लिनिक के लाइसेंस पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से क्लिनिक की जांच करवाने और उसे सील करने की मांग की है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के बाद क्लिनिक के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। अधिकारियों के मुताबिक, युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर को भी मामले की जानकारी दी गई है। संबंधित डॉक्टर की डिग्री, क्लिनिक के पंजीकरण और दवाइयों व इंजेक्शन के इस्तेमाल से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जांच में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





